जल रक्षकों की भूख हड़ताल की चेतावनी।
- फोटो : file photo
उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत लंबरी में तैनात करीब आधा दर्जन जल रक्षकों ने मानदेय का भुगतान न होने पर भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है। इस पंचायत में तैनात जल रक्षकों को सात माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है।
आईपीएच ने गांव में पेयजल आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए पंचायतों में जल रक्षकों की तैनाती की थी। इन्हें प्रतिमाह 1350 रुपये मानदेय मिलता है। पंचायतों में पेयजल आपूर्ति का जिम्मेवारी जल रक्षकों के कंधों पर है लेकिन हर घर तक पेयजल देने वाले इन जल रक्षकों को फरवरी के बाद मानदेय नहीं मिला।
जलरक्षक शंभू राम, रिंकू, जगरूप सिंह, राजेंद्र कुमार और दीप कुमार ने कहा कि वह कई बार पंचायत प्रधान और सचिव से मानदेय की शिकायत कर चुके हैं। लेकिन पंचायत सचिव पीछे से बजट न आने का तर्क दे रहे हैं।
जल रक्षकों ने बताया कि महंगाई के इस दौर में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत डिपुओं में मिलने वाले राशन को खरीदने के लिए उनके पास पैसे तक नहीं है।
जल रक्षकों ने कहा कि अगर शीघ्र मानदेय का भुगतान न हुआ तो वह आईपीएच कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल करेंगे। पंचायत प्रधान संदला कुमारी ने कहा कि आईपीएच विभाग से बजट न मिलने के कारण मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।
आईपीएच सुजानपुर के एसडीओ सतीश शर्मा ने कहा कि वह फील्ड में हैं। मानदेय के बारे में कार्यालय में पहुंचने के बाद ही कुछ बता सकते हैं।