जाहू (हमीरपुर)। तीन जिलों हमीरपुर, बिलासपुर और मंड़ी के संगम स्थल पर बने जाहू बस अड्डे की हालत जल्द सुधरेगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने जाहू बस अड्डे की मरम्मत करने के लिए 55 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
टेंडर प्रक्रिया के पूर्ण होते ही बस अड्डे का मरम्मत कार्य शुरू होगा। करीब 11 कनाल भूमि पर फैले जाहू बस अड्डे में हर रोज करीब 250 सरकारी और निजी बसों का आवागमन होता है। लंबे समय से बस अड्डे की मरम्मत न होने से जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। वहीं, भारी बारिश के कारण जलभराव होने से इन दिनों दुकानदार व यात्री बेहद दिक्कत झेल रहे हैं।
अड्डे की खराब दशा पर भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने बस अड्डे की दशा को सुधारने के आदेश दिए थे। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर ने बस अड्डे की खराब दशा को सुधारने के लिए प्राकलन तैयार का उच्च अधिकारियों को भेजा था। इस पर अब प्रशासनिक तौर पर स्वीकृति मिल गई है।
जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान ने बताया कि जाहू बस अड्डे की मरम्मत व सुधार करना बहुत जरूरी था। जाहू पंचायत प्रधान अनुराधा शर्मा, पूर्व प्रधान चमन लाल काकू, दुकानदार सोमनाथ, उत्तम चंद, विजय कुमार, किशोरी लाल वर्मा, चमन लाल, सोनवीर, पूर्व प्रधान राजू व अन्य ने बस अड्ड के लिए राशि स्वीकृत करवाने पर विधायक सुरेश कुमार का आभार प्रकट किया है।
कोट
प्रशासनिक रूप में जाहू बस अड्डे की मरम्मत के लिए 55 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रकिया के पूरा होते ही जाहू बस अड्डे की मरम्मत होगी।
-राज कुमार पाठक, डीएम, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर