दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर न्यास ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में अग्निशामक यंत्र स्थापित करना अनिवार्य होगा।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए मंदिर न्यास ने विभिन्न कमेटियों का गठन कर लिया है। मंदिर न्यास की ओर से गठित यह कमेटियां धरातल पर निरीक्षण करेंगी। मंदिर न्यास ने फायर कंट्रोल कमेटी, भवन निरीक्षण कमेटी तथा पानी व्यवस्था कमेटी का गठन किया है। इन कमेटियों में मंदिर न्यास के अलावा संबंधित विभागीय अधिकारी और ट्रस्टियों को शामिल किया है।
प्रत्येक कमेटी में पांच सदस्यों को शामिल किया है। यह कमेटियां दियोटसिद्ध में स्थित सरायों का भी निरीक्षण करेंगी तथा वहां पर आग को नियंत्रण करने के लिए व्यवस्थाओं की जांच करेंगी। दियोटसिद्ध में लगभग 15 सरायें हैं, जिनमें नौ सरायें ट्रस्ट की तथा छह सरायें निजी हैं। इसके अलावा भवन निरीक्षण कमेटी भवनों की सुरक्षा की जांच भी करेगी।
अगर कोई सरायें असुरक्षित नजर आती है तो उसे श्रद्धालुओं के लिए नहीं खोला जाएगा। कमेटियों का गठन एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में किया गया है।
कोट :
चैत्र मास मेलों को लेकर ट्रस्ट ने एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा की अगुवाई में आयोजित बैठक में कमेटियों का गठन कर लिया है। अब यह कमेटियां दुकानों व सरायों का निरीक्षण करेंगी। अगर कहीं कोई कमी होगी तो उसे पूरा किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-जोगिंद्र कुमार, मंदिर न्यास अधिकारी, दियोटसिद्ध