हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेती महिला प्रतिभागी
हमीरपुर। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने बुधवार को अणु के सिंथेटिक ट्रैक पर जिला स्तरीय लंबी एवं मध्यम दूरी की दौड़ स्पर्धाएं आयोजित कीं। इन स्पर्धाओं में जिले भर के 80 धावक-धाविकाओं ने भाग लिया। 13 से 15 वर्ष के आयु वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह के ईशांत ने प्रथम, उच्च स्कूल गुलेला के हर्षित पटियाल ने द्वितीय और हिम अकादमी के प्राकुल सिंह ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। जबकि लड़कियों के वर्ग में उच्च स्कूल चौकी की शगुन, उच्च स्कूल ख्याह की अंकिता शर्मा और उच्च स्कूल चौकी की ही मनिता क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।
16-19 वर्ष के आयु वर्ग में ब्लू स्टार स्कूल हमीरपुर के आर्यन ने प्रथम, डिग्री कालेज हमीरपुर के आदित्य ठाकुर ने द्वितीय और कुुठेड़ा के अभय शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। लड़कियों के वर्ग में डिग्री कालेज हमीरपुर की राशि प्रथम, ब्लू स्टार स्कूल हमीरपुर की इशिता शमा द्वितीय और कन्या स्कूल हमीरपुर की सुहानी तीसरे स्थान पर रही। इन स्पर्धाओं में प्रथम पुरस्कार के रूप में 6,000 रुपये, द्वितीय 5,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 4,000 रुपये की राशि दी गई। वन अरण्यपाल प्रदीप ठाकुर ने विजेता धावक-धाविकाओं को पुरस्कृत किया। इससे पहले जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी पूर्ण चंद कटोच ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और जिला स्तरीय दौड़ स्पर्धा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले तीन स्थानों पर रहे धावक-धाविकाओं को 29 मार्च को बिलासपुर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।