नादौन। कोरोना नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसडीएम विजय धीमान की अगुवाई में यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने शनिवार को शहर भर में बिना मास्क घूम रहे 15 लोगों के चालान किए। गत शुक्रवार को भी इसी तरह प्रशासन ने शहर के दर्जन भर दुकानदारों पर मास्क न लगाने के कारण कार्रवाई की थी। वहीं, प्रशासन ने उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कोविड नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि बिना मास्क घूम रहे लोगों के पकड़े जाने पर मौका पर ही उनके चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। एसडीएम विजय धीमान ने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि औचक निरीक्षण के दौरान पकड़े जाने पर आपदा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।