हमीरपुर। शादियों में कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करवाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को जिले भर में प्रशासन के उड़नदस्तों ने 31 शादियों में पहुंचकर मौजूद मेहमानों की गिनती की। इसके साथ ही धाम या सार्वजनिक रसोई को भी नियमों की कसौटी पर परखा गया। हालांकि सभी शादियों में तय नियमों के अनुसार ही लोग मौजूद पाए गए। इसकी वजह से किसी का भी चालान नहीं किया गया है। जिले भर में आजकल शादियों का दौर चल रहा है। लेकिन कोरोना के चलते स्थिति गंभीर बनी हुई है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने एक मई से जिले भर में शादियों में 20 लोगों की संख्या निर्धारित की है। धाम और सामुदायिक रसोई पर प्रतिबंध है। आदेशों की अनुपालना के लिए जिला प्रशासन ने सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारी और पुलिस को निर्देश जारी किए हैं। इस कड़ी में शनिवार को उड़नदस्तों ने 31 शादियों में दस्तक दी। उपमंडल बड़सर में फ्लाइंग स्कवायड ने 9 और पुलिस ने 10 शादियों का निरीक्षण किया।
इसी तरह भोरंज उपमंडल में फ्लाइंग स्कवायड 12 शादियों का निरीक्षण किया। उधर, एसडीएम भोरंज राकेश शर्मा और एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार ने कहा कि शादियों का निरीक्षण किया। लेकिन कहीं कोई नियमों की अवहेलना नहीं पाई गई। लोगों को सामाजिक दूरी और मास्क के बारे में भी जागरूक किया गया।