हमीरपुर। जिले में नवगठित नगर निकायों के परिसीमन पर आपत्तियों का निरीक्षण शुरू हो गया है। आपत्तियां और सुझाव दर्ज करने वाले लोगों को नोटिस जारी कर 16 जून को 11 बजे सुनवाई के लिए बुलाया गया है।
जिले में नगर निगम हमीरपुर सहित नवगठित नगर निकायों की परिसीमन के प्रारंभिक प्रारूप पर कुल 22 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। सबसे अधिक 14 आपत्तियां नगर निगम हमीरपुर में, नगर पंचायत बड़सर में छह, भोरंज में एक और नगर परिषद नादौन में एक आपत्ति दर्ज हुई है। इन दावों और आपत्तियों पर संबंधित एसडीएम के माध्यम से निरीक्षण किया जा रहा है।
16 जून को उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में आपत्तियों के संबंध में सुझाव व समस्या का निपटारण करके प्रारूप तैयार किया जाएगा। निगम का नया ड्राफ्ट तैयार होगा। इस प्रारूप पर लोग सात दिनों तक मंडलायुक्त के समक्ष अपील दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत निवारण के साथ नगर निगम हमीरपुर की परिसीमन का नया प्र्रारूप जारी किया जाएगा। यदि कोई अपील प्राप्त नहीं होती है तो 16 जून के बाद परिसीमन का अंतिम प्रारूप जारी कर दिया जाएगा।
वार्ड परिसीमन का कार्य पूर्ण होने के बाद जुलाई तक नगर निकायों में चुनावों को लेकर सीटों के आरक्षण के संबंध में प्रक्रिया प्रस्तावित होगी। नगर निगम के अंतर्गत बनाए गए 15 वार्डों में पूर्णतया: शामिल पंचायतों और गांवों के कुछेक भागों को विभाजित कर दो अलग-अलग वार्डों में जोड़ दिया गया है। इससे आगामी समय में ग्रामीणों को कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
भौगोलिक परिस्थितियों के साथ आपस में जुड़े क्षेत्रों के ग्रामीणों के दस्तावेजों के रिकाॅर्ड, पत्ता और अन्य कईं बदलाव होंगे। ऐसे में ग्रामीण एक पंचायत एक वार्ड में शामिल होने की मांग कर रहे हैं। वहीं, शिवनगर वार्ड में 4000 से अधिक आबादी रखी गई है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल हैं। ऐसे में संभावना है कि वार्ड की संख्या बढ़ सकती है।
कोट
परिसीमन के प्रारंभिक ड्राफ्ट पर जिले के चार नगर निकायों में कुल 22 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। आपत्तियों के समाधान के लिए 16 जून को सुनवाई होगी। इसके लिए संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर सूचित किया गया है।
-अमरजीत सिंह, डीसी हमीरपुर