प्रेरणा अभियान के तहत उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने मंगलवार को नादौन उपमंडल के राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोहला, तरेटी तथा जंगलू का औचक निरीक्षण किया।
तरेटी मिडल स्कूल के प्राइमरी बच्चों ने गणित के सवाल के जवाब तो दे दिए लेकिन छठी तथा सातवीं कक्षा के विद्यार्थी उन्हीं सवालों का जवाब देने में नाकाम रहे। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि प्रेरणा अभियान का प्राइमरी स्तर पर असर दिखने लगा है। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि कोहला राजकीय प्राथमिक पाठशाला के विद्यार्थियों के लर्निंग लेवल में भी कोई सुधार नहीं देखा गया।
इस पर स्कूल के शिक्षक राकेश कुमार ने बच्चों के लर्निंग लेवल में सुधार की दिशा में परिणाम देने के लिए एक माह का समय मांगा है। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि जीपीएस जंगलू का भी औचक निरीक्षण किया गया। मिड डे मील की गुणवत्ता भी जांची गई जिसमें मिड डे मील को बेहतर पाया गया। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि स्कूलों में प्रेरणा अभियान के तहत शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि इस अभियान को तभी सफल बनाया जा सकता है जब अभिभावक भी इसमें अपना रचनात्मक सहयोग प्रदान करें। उपायुक्त ने कहा कि उपमंडलाधिकारियों तथा सेंटर हेड टीचर्स को भी स्कूलों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है ताकि बच्चों का भविष्य बेहतर हो सके। रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि लर्निंग लेवल में कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लेने के भी दिशा निर्देश दिए गए हैं।