पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित करते हुए। स्र
हमीरपुर। संयुक्त सलाहकार कल्याण समिति और अपराध बैठक का आयोजन मंगलवार को पुलिस लाइन हमीरपुर में एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा, डीएसपी (लीव रिजर्व) सुनील दत्त ठाकुर और जिला पुलिस हमीरपुर के 48 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। सबसे पहले इस बैठक के दौरान इस जिले के पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सुना गया तथा सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया गया।
निरीक्षक प्रभारी थाना बड़सर प्रवीण कुमार को इस माह थाना बड़सर में जांच अभियोगों की लंबित दर (पेंडेंसी रेट) पंद्रह फीसदी से कम करने के लिए किए गए सराहनीय और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया। इसी दौरान जिले में उपराष्ट्रपति की यात्रा के दौरान सराहनीय व उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद मासिक अपराध बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व में घटित सभी अन्वेषणाधीन अभियोगों, कानून व व्यवस्था तथा यातायात के सुचारू प्रबंधन की गहनता से समीक्षा की गई। इस बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक जिला हमीरपुर की ओर से सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। अपराध बैठक के दौरान ही जिला न्यायवादी हमीरपुर के साथ अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम व एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों के अन्वेषण के संबंध में सभी प्रावधानों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक के अंत में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लगातार गश्त व नाका लगाकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों की चैकिंग, शराब पीकर तथा खतरनाक तरीके से तेज रफ्तारी से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अधीन कानूनी कार्रवाई करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।