सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के अंतर्गत ऑनलाइन टेंडर को पोर्टल से हटकर उसे ऑफलाइन के माध्यम से ठेकेदार को देने के मामले में जांच शुरू हो गई है। इस मामले में नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी एवं भाजपा समर्थित पार्षदों ने प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा को पत्र लिखकर जांच करने की गुहार लगाई थी। शिकायत पत्र में अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा था कि परिषद अधिकारी की ओर से ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया के तहत 20 कार्य लगाए गए थे लेकिन तमाम कार्यों में से एक कार्य बिना किसी को पूछे ऑनलाइन प्रक्रिया से हटा दिया गया और उस कार्य को ऑफलाइन के माध्यम से ठेकेदार को दे दिया गया।
अध्यक्ष ने शिकायत पत्र में यह भी लिखा था कि तमाम जो कार्य हुए उसमें नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को विश्वास में नहीं लिया गया। जबकि नियमों के मुताबिक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के सामने और सहमति से तमाम कार्य होने चाहिए। उनकी सहमति के बिना कार्य कैसे हुए, कैसे इसे ऑनलाइन प्रक्रिया से हटाया और कौन सी शक्तियों का प्रयोग करके ऑफलाइन के माध्यम से ठेकेदार को यह कार्य आवंटित कर दिया गया। तमाम शिकायत मुख्यमंत्री और उपायुक्त हमीरपुर को भेजी गई थी। इस पर कार्रवाई शुरू हो गई है। संबंधित विषय पर उपायुक्त हमीरपुर ने नगर परिषद अधिकारी से इस पूरे मामले की जानकारी मांगी है।
इस बारे में नगर परिषद सुजानुर के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर ने कहा है जो भी कार्य होते हैं नियमानुसार ही किए जाते हैं। शिकायत करना सबका अधिकार है। जो भी जांच होगी, उसकी पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।