हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में वीरवार को सड़क सुरक्षा रोड एवं आपदा प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार ने की।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना या आपदा से निपटने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को पहले से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर निर्धारित अलमारी में आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दवाइयां, उपकरण और अन्य सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में इनका तुरंत उपयोग किया जा सके।
कार्यशाला में चिकित्सा अधिकारी, फार्मेसी अधिकारी और स्टाफ नर्सों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ आपदा की स्थिति में प्रभावी प्रबंधन की तैयारियों का प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. आदित्य कांत शर्मा, एमओ सर्जरी, डॉ. राकेश कुमार, एमओ ऑर्थोपेडिक्स और एनआईसी से डॉ. अरविंद ठाकुर ने विभिन्न विषयों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के बाद पीएचसी स्तर की बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों को आपदा और सड़क दुर्घटना के दौरान उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों के कर्मचारियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर एमओएच डॉ. अजय अत्री, डीपीओ डॉ. नेहा पटियाल और एमईआईओ सुनील कुमार भी मौजूद रहे।