नादौन में निर्माणाधीन मिनी सचिवालय तथा अस्पताल भवन का निरीक्षण करने पहुंची लोनिवि के वरिष्ठ अधि
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में निर्माणाधीन मिनी सचिवालय, अस्पताल भवन सहित स्तरोन्नत किए जा रहे क्षेत्र के पांच संपर्क मार्गों का विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। उन्होंने नादौन-बेला, रंगस-रैल-बड़ा, जलाड़ी-फतेहपुर, रंगस-कंडरोला तथा मानपुल-भरमोटी संपर्क मार्गों के चल रहे कार्यों का भी जायजा लिया। इस दौरान लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एनपीएस चौहान, अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा, एसडीओ नरेश कौशल, कुमार एसोसिएट के एमडी नरेश कुमार, अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नादौन में निर्माणाधीन इन भवनों के निरीक्षण के लिए विशेष तौर पर पहुंचे लोनिवि के वरिष्ठ अधिकारी एनपीएस चौहान ने कहा कि अस्पताल भवन निर्माण का कार्य आगामी वर्ष जनवरी माह तक पूरा हो जाएगा। जबकि, मई माह तक मिनी सचिवालय का कार्य पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इन भवनों में तकनीकी तौर पर विभिन्न पहलुओं की संभावनाओं के लिए ही वह इनके निरीक्षण के लिए विशेष तौर पर यहां आए हैं। मिनी सचिवालय के भवन निर्माण पर करीब 12 करोड़ खर्च हो रहे हैं। पहले अस्पताल भवन के लिए कम बजट होने के कारण निर्माण उसी के अनुरूप करवाया जा रहा था। बाद में अधिक बजट का प्रावधान होने से तकनीकी और आवश्यक बदलाव किए गए ताकि, लोगों को और अधिक सुविधा मिल सके। लोनिवि के अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी जारी किए।