नगर निगम हमीरपुर के तहत बस अड्डा के नजदीक दीवार पर की गई पेंटिंग। संवाद
हमीरपुर। शहर को सुंदर बनाने के लिए अब नगर निगम में पेंटिंग का सहारा लिया जाएगा। इस पर करीब तीन से चार लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। शहर में प्रवेश करते ही लोगों को सुखद एहसास देने के लिए नगर निगम हमीरपुर ने यह पहल शुरू की है।
नगर निगम क्षेत्र में मुख्य प्रवेश द्वारों और शहर के खाली स्थानों पर अलग-अलग थीम आधारित पेंटिंग की जाएगी, जिसमें फूल, जंगली जीवों और प्रकृति का चित्रण किया जाएगा। ट्रायल के तौर पर बस अड्डा के समीप पेंटिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
कार्य पूरा होने के बाद शहर एक नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। नगर निगम बनने के बाद शहर को सुंदर बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार पेंटिंग पूरी होने के बाद लोगों को शहर में प्रवेश करते ही इसका स्पष्ट एहसास होगा।
फिलहाल मसियाना, बेहड़ा और बस अड्डा सहित चार स्थानों पर पेंटिंग करवाने का निर्णय लिया गया है, जिसके बाद इसे अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जाएगा।
नगर निगम का लक्ष्य चारों दिशाओं का कायाकल्प कर शहर को और अधिक आकर्षक बनाना है। अब देखना यह होगा कि यह पहल स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग को किस स्तर तक पहुंचा पाती है, क्योंकि आगामी दो माह में सर्वेक्षण शुरू होने वाला है, जिसमें टीमें धरातल पर स्वच्छता का आकलन करेंगी।
कोट :
नगर निगम के तहत विभिन्न स्थानों पर पेंटिंग करवाई जा रही है। अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो अन्य स्थानों पर भी इसे शुरू किया जाएगा। इस पर करीब चार लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
-राकेश कुमार शर्मा, आयुक्त नगर निगम हमीरपुर