हमीरपुर। अब एक क्लिक पर किसानों को फसलों में लगने वाली बीमारियों के साथ उसके निवारण की जानकारी मिलेगी। राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली एप से यह संभव होगा। बुधवार को कृषि विभाग के जिला मुख्यालय में इस एप पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला हमीरपुर के सभी विकास खंडों से 12 किसानों ने भाग लिया। पौध संरक्षण, संगरोध एवं भंडारण निदेशालय संस्थान फरीदाबाद से दो वैज्ञानिक सहायकों ने प्रशिक्षण दिया। इस एप के माध्यम से किसानों को फसलों में लगने वाले कीट व बीमारियां, जिनके बारे में किसानों को जानकारी नहीं है, उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि किसानों को फसल में लगे कीट व बीमारी का फोटो अपलोड करना है। उसके बाद बीमारियों के निवारण की जानकारी मिलेगी। कृषि उपनिदेशक हमीरपुर डॉ. शशि पाल अत्री ने किसानों के साथ संवाद किया और उन्हें इस एप को सुचारू रूप से चलाने व दूसरे किसानों के साथ प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।