यशपाल साहित्य सदन नादौन में जागरूकता शिविर लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। आयकर विभाग की ओर से वीरवार को यशपाल साहित्य सदन नादौन में आईटीओ राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य सीआईटी वन शालिनी भार्गव तथा अतिरिक्त सीआईटी शिमला रेंज राजा घोष के दिशा निर्देशानुसार शिविर लगाया गया। इसमें इनकम टैक्स बार एसोसिएशन हमीरपुर तथा व्यापार मंडल नादौन की सहभागिता रही। आईटीओ हमीरपुर राजेश ठाकुर ने कहा कि अगर इनकम टैक्स से जुड़ा आपका कोई भी कानूनी मसला फंसा हुआ है या आपके ऊपर कोई पेनल्टी या ज्यादा ब्याज की देनदारी है तो आप सरकार की विवाद से विश्वास स्कीम का फायदा उठा सकते हैं।
इनकम टैक्स से जुड़े कोर्ट केस का बोझ कम करने और लोगों को आसानी से विवादों का समाधान करने के लिए सरकार ने यह योजना बनाई है। अब इसका 2024 का संस्करण भी शुरू हो चुका है। ये आपकी पेनल्टी से लेकर ब्याज तक को माफ करा सकती हैं। विवाद से विश्वास स्कीम असल में इनकम टैक्स से जुड़े मामलों का निपटारा करने के लिए एक विंडो ओपनिंग जैसा सिस्टम है। इसमें आप अपने पुराने इनकम टैक्स केस का एक बार में निपटारा कर सकते हैं। इसमें कुछ सहूलियत सरकार आपको देती है, जबकि आपको एकमुश्त पेमेंट करने का ऑप्शन मिलता है। विभाग के निरीक्षक परीक्षित शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि अतिशीघ्र अपना एडवांस टैक्स जमा करवाएं। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, पूर्व अध्यक्ष रमेश जैन, बृजमोहन सोनी, अमन सेठी, संजीव कपिल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।