संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला कार्यक्रम अधिकारी हमीरपुर के सौजन्य से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हमीर भवन में किया गया। इसमें महिला मंडल के सदस्यों, पंचायती राज प्रतिनिधियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूर्य प्रकाश ने की। कार्यशाला में विभाग की तरफ से बाल विकास परियोजना अधिकारी सुजानपुर कुलदीप चौहान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में विस्तार में जानकारी दी। उसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर की अधिवक्ता सुनीता ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से बनाए गए कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ डॉक्टर अनुपम ने प्रतिभागियों को स्ट्रेस मैनेजमेंट के प्रति जागरूक किया और महिलाओं को जागरूक किया कि अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में योग व व्यायाम को शामिल करें। इस मौके पर अधिवक्ता अमित ने भी महिलाओं को दहेज प्रथा, बाल विवाह से संबंधित कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अंत में कल्पना ठाकुर ने कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।