हमीरपुर। ग्राम पंचायत नारा व चंगर में वीरवार को जागरुकता एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय के प्रमुख नीरज कुमार आनंद ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग का प्रयोग करते समय कुछ आवश्यक सावधानियां बरती जानी चाहिएं। हमें अपना पासवर्ड या अन्य महत्वपूर्ण गोपनीय जानकारी किसी के साथ सांझा नहीं करनी चाहिए और किसी भी अनजान एवं संदिग्ध फोन कॉल या मैसेज पर अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारियां नहीं देनी चाहिएं। उन्होंने पीएम जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और अन्य योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कतना, अनिल कुमार, आरसेटी के फैकल्टी मेंबर संजय हरनोट आदि उपस्थित रहे। संवाद