बड़सर(हमीरपुर)। वीरवार को उपमंडल बड़सर के अंतर्गत संचालित दो नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग व टीम ने किया। उन्होंने संस्थानों में निरीक्षण करके स्टाफ सदस्यों को सुरक्षा लेकर चिकित्सकों की नियुक्ति, खाने में संतुलित आहार, रहने के लिए उचित स्थान की व्यवस्था, दवाइयों की सप्लाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
संस्थानों में नशा छोड़ने के लिए दाखिल युवाओं से उन्होंने विशेषरूप से बातचीत कर नशे के संपर्क में आने व केंद्र में आने के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों को भी युवाओं की काउंसलिंग के बारे में आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों गुरनाम सिंह मेसर्स डोर ऑफ होप फाउंडेशन बड़सर और केयर ड्रग काउंसलिंग एंड रिहेबिलिटेशन सेंटर बड़सर में युवाओं को नशा छोड़ने के लिए दाखिल करवाया है, ताकि वह नशे को छोड़कर सामान्य जीवन व्यतीत कर सकें। ऐसे में संस्थान के प्रभारियों का दायित्व है कि वह युवाओं को सभी प्रकार कर सुविधाएं प्रदान करें।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने युवाओं की जांच की। निरीक्षण टीम में सीएमओ हमीरपुर डॉ. प्रवीण चौधरी, एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम, डीएसपी लालमन शर्मा, हमीरपुर मेडिकल कालेज के मनोचिकित्सक और बीएमओ मौजूद रहे।