मौसम में बदलाव से बीमारियों की चपेट में आ रहे लो, रोजाना पचास से साठ मरीज पहुंच रहे इलाज करवाने
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। मौसम में लगातार हो रहा बदलाव अब लोगों की सेहत को बिगाड़ रहा है। टौणी देवी अस्पताल में सर्दी, जुकाम के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जहां सामान्य दिनों में तीस से चालीस मरीज इलाज करवाने के लिए टौणी देवी अस्पताल पहुंचते थे, अब यह संख्या बढ़कर पचास से अधिक हो रही है। रोजाना पचास से साठ मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम के ही आ रहे हैं। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह व रात के समय सर्दी रहती है जबकि दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है। बारिश होने के कारण ठंड में इजाफा हो जाता है। टौणी देवी अस्पताल में रोजाना 150 से 200 ओपीडी रहती है जिसमें करीब साठ मरीज तो खांसी, जुकाम से संक्रमित आ रहे हैं। यह क्रम पिछले दो सप्ताह से जारी है। चिकित्सकों ने कहा कि कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग बदलते मौसम में जल्द बीमारी की चपेट में आ जाते हैं। इसलिए ऐसे लोगों को इस मौसम में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
कोट
-बदलते मौसम में लोग वायरल का शिकार हो रहे हैं। रोजाना करीब पचास से साठ मरीज सर्दी, जुकाम और खांसी से पीडि़त आ रहे हैं। चिकित्सक इन मरीजों को दवा के साथ बदलते मौसम में सेहत का विशेष ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं। धूल, मिट्टी से बचने के लिए मास्क का प्रयोग करना चाहिए।-डॉ. रमेश, बीएमओ टौणी देवी