संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। कस्बा अवाहदेवी मंदिर परिसर में मंगलवार को सिद्ध बाबा श्रवण नाथजी की कुटिया का उद्घाटन हुआ। इस दौरान प्रदेश की पूर्व सरकार में रहे मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व उनकी पत्नी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। यह कुटिया नाथ संप्रदाय का मठ है और इस मठ के गद्दीनशीन महंत निर्मल नाथ हैं। इन्होंने मुख्यातिथि को चुनरी और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। मठ के इतिहास के अनुसार एक बार सिद्ध बाबा श्रवण नाथजी भ्रमण करते हुए जब इस स्थान पर पहुंचे तो माता भगवती ने उन्हें यहां पर रोक लिया। उस समय यहां पर एक छोटा सा मंदिर था। माता ने उन्हें मंदिर बनाने का आदेश दिया। तभी बाबा ने वर्ष 1971 में एक भव्य मंदिर बनवाया था। बाबा श्रवण नाथजी ने अपना पूर्ण जीवन इसी स्थान पर माता की सेवा में बीता कर इसी मंदिर परिसर में समाधि ली। हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर अवाहदेवी में भंडारे का आयोजन किया जाता है। पुण्यतिथि के उपलक्ष्य पर हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर आदि से बाबा के सेवक आते हैं तो उस समय भक्तों की बहुत ज्यादा भीड़ हो जाती थी।