फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनमंच में उठाए चैरिटेबल अस्पताल, पानी की किल्लत के मसले

विज्ञापन
लोहारली में जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते मंत्री राजेंद्र गर्ग, साथ में मौजूद अन्य। - फोटो : Hamirpur-HP
विज्ञापन
गारली (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के लोहारली स्कूल में कोरोना काल का पहला जनमंच कार्यक्रम खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र की आठ पंचायतों की 58 समस्याओं पर सुनवाई हुई। इनमें से 38 प्री जनमंच में मिलीं थी, जबकि 20 समस्याएं मौके पर लोगों ने रखीं। मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर निपटारा किया। जबकि शेष का जल्द निपटारा करने के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया। इस दौरान समर्पित कोविड केयरा सेंटर भोटा को अन्य जगह शिफ्ट करने, मैहरे से घोड़ीधबीरी वाया बिझड़ी सड़क के विस्तारीकरण, मनरेगा में फर्जी दिहाड़ी लगाने, पानी की किल्लत, राजस्व संबंधी समस्याएं और बीपीएल में अपात्रों के नाम डालने के मामले मुख्य रूप से गरमाए रहे।
विज्ञापन

मंत्री ने इन समस्याओं में से अधिकांश के मौके पर निपटारे किए और शेष का जल्द निपटारा करने का आश्वासन दिया। हालांकि, कार्यक्रम में मनाही के बावजूद वरिष्ठ नागरिक भी पहुंचे। प्रशासन की ओर से लगाई गई कुर्सियों से अधिक लोग कार्यक्रम में पहुंचे और अधिकांश ने खड़े होकर ही कार्यक्रम को सुना और देखा। मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि जनमंच प्रदेश सरकार का स्थायी एवं महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसके माध्यम से प्रदेश सरकार सीधे आम जनता के घरद्वार पर पहुंच रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल में एक नई प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह शासनिक व्यवस्था और कार्य संस्कृति विकसित की है। कोरोना का मुकाबला करने के साथ प्रदेश को आगे ले जाने के लिए प्रदेश सरकार ने जनमंच जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है।
जनमंच के अलावा 1100 नंबर पर उपलब्ध मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी आम लोग सीधे अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने राजेंद्र गर्ग का स्वागत किया तथा जनसमस्याओं के निवारण के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष कमलनयन शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त देवश्वेता बनिक, एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन और सभी विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। उधर, सामाजिक दूरी की अवहेलना होने पर उपायुक्त ने लोगों को समय समय पर चेताया और उचित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। उपस्थित लोगों को दोपहर का भोजन पैकेट में दिया गया।
विज्ञापन

बाक्स.
आठ ग्राम पंचायतों की सुनीं समस्याएं
लोहारली में जनमंच के दौरान क्षेत्र की 8 ग्राम पंचायतों कलवाल, रैली, जजरी, धबीरी, बड़ाग्रां, जमली, चकमोह और समैला के लोगों की 58 समस्याओं की सुनवाई की गई। जबकि अन्य जनसमस्याओं के अतिशीघ्र निपटारे के लिए मंत्री राजेंद्र गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए तथा इनकी रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा। जनमंच के दौरान लोगों के कई प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज मौके पर ही तैयार किए गए। स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग ने जांच शिविर भी लगाया।
16 महिलाओं को बांटे मुफ्त गैस कनेक्शन
मंत्री ने चकमोह और कलवाल की 16 महिलाओं को हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने बेटी है अनमोल योजना की 6 लाभार्थियों को 12-12 हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज और सशक्त महिला योजना के तहत पांच मेधावी छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये के चेक भी वितरित किए। मंत्री ने आयोजन स्थल पर पौधरोपण भी किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें