हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के सभी 11 वार्डों के लिए 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 10 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए मतदान केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने बताया कि वार्ड नंबर एक हीरानगर के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र हीरानगर-1 गंदा नौण स्थित नगर परिषद के सामुदायिक भवन एवं डे केयर सेंटर में स्थापित किया जाएगा। इसमें क्रम संख्या एक से 800 तक के मतदाता अपने वोट डाल सकेंगे। हीरानगर-2 मतदान केंद्र अणु स्थित बिजली बोर्ड के फील्ड हॉस्टल में स्थापित होगा। जिसमें क्रम संख्या 801 से 1600 तक के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। हीरानगर-3 मतदान केंद्र डिग्री कालेज के नजदीक प्राथमिक पाठशाला सियूहणी में होगा। इसमें क्रम संख्या 1601 से 2410 तक के मतदाता वोट डालेंगे।
वार्ड नंबर 2 कृष्णानगर का मतदान केंद्र बचत भवन हमीरपुर में, वार्ड नंबर 3 प्रतापनगर का बूथ नगर परिषद के विश्राम गृह में, वार्ड नंबर 4 शिवनगर का मतदान केंद्र टाउन हाल के पास प्राइमरी स्कूल में, वार्ड नंबर 5 बृजनगर का राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में, वार्ड नंबर 6 गांधीनगर का बाल स्कूल हमीरपुर में और वार्ड नंबर 7 देवनगर का मतदान केंद्र जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में होगा। वार्ड नंबर 8 नयानगर के लिए दो मतदान केंद्रों में पहला पूर्व सैनिक रोजगार सेल के कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। जिसमें क्रम संख्या 1 से 850 तक के मतदाता वोट डाल सकेंगे।
नयानगर-2 मतदान केंद्र सैनिक विश्राम गृह में होगा। जिसमें क्रम संख्या 851 से 1723 तक के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड नंबर 9 रूपनगर का मतदान केंद्र उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में और वार्ड नंबर 10 रामनगर का बूथ भोटा चौक के पास बिजली उपमंडल के कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। वार्ड नंबर 11 सुभाषनगर के लिए दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र सुभाषनगर-1 बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू में एसबीआई के पास स्थापित किया जाएगा। जिसमें क्रम संख्या एक से 750 तक के मतदाता वोट डाल सकेंगे। सुभाषनगर-2 मतदान केंद्र भी बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू में स्थापित किया जाएगा। जिसमें क्रम संख्या 751 से 1572 तक के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।