हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर में भोटा चौक के समीप एक तेज रफ्तार कार ने सड़क से गुजर रहे पूर्व सैनिक को टक्कर मार दी। हादसे में पूर्व सैनिक की बाजू टूट गई है। राहगीर को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे नाली में जा घुसी। हादसे के बाद सड़क पर जख्मी होकर गिरे पूर्व सैनिक के आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही करणी सेना के महामंत्री संजीव शर्मा मौके पर पहुंचे और घायल को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया। जहां एक्सरे के बाद घायल का उपचार चल रहा है। संजीव शर्मा ने बताया कि वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें फोन आया कि भोटा चौक में एक कार हादसा हुआ है, जिसमें पूर्व सैनिक घायल हुआ है। यह सुनकर वह तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल की पहचान कुलदीप सिंह पठानिया के रूप में हुई। वह सेना से सेवानिवृत्त हैं और बाद में मर्चेंट नेवी में भी सेवाएं दे चुके हैं। संजीव ने बताया कि इस हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई है। उधर, पुलिस थाना सदर के एसएचओ संजीव गौतम ने बताया कि पुलिस को कार दुर्घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच चल रही है।