हमीरपुर। चिट्टे के साथ गिरफ्तार दो युवकों को जिला न्यायालय हमीरपुर ने फिर से पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी युवकों को हमीरपुर न्यायालय में पेश किया और अपना पक्ष रखते हुए पुलिस रिमांड की मांग की। पुलिस की दलील से संतुष्ट होकर न्यायालय ने दोनों आरोपी युवकों को अब तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
अमर उजाला ने 14 सितंबर 2019 को चिट्टे के आरोपी युवकों को न्यायिक हिरासत में भेजने की खबर को ‘पुलिस की दलील खारिज, न्यायिक हिरासत में भेजे चिट्टा रखने के आरोपी’ शीर्षक से प्रमुखता से उठाया था। हमीरपुर पुलिस ने 6 सितंबर को हमीरपुर के एक निजी होटल में दबिश देकर बर्ड-डे पार्टी के दौरान आरोपी युवकों कुणाल भाटिया और रोहित शर्मा को 32 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवकों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 9 सितंबर तक पुलिस रिमांड मिला। इसके बाद पुलिस ने 9 सितंबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया और दोनों आरोपियों को फिर से पुलिस रिमांड देने की मांग की। लेकिन, पुलिस की दलील को खारिज करते हुए न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 16 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसी तरह सलौणी में 67.95 ग्राम चिट्टे के साथ पुलिस ने जाहू खुर्द निवासी राकेश कुमार को दूसरी बार गिरफ्तार किया। वह इससे पहले अगस्त 2018 में 153 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने न्यायालय में राकेश कुमार को भी पुलिस रिमांड देने की मांग की थी, लेकिन राकेश कुमार को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का मानना है कि पुलिस रिमांड में आरोपी युवकों से नशे के बड़े सौदागरों को पकड़ने में सफलता मिलने की उम्मीद है। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर और एसएचओ हमीरपुर संजीव गौतम ने कहा कि कुणाल भाटिया और रोहित शर्मा को सोमवार को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 18 सितंबर तक पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस आरोपी युवकों से गहन पूछताछ कर रही है, इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपी भी गिरफ्तार हो सकते हैं।