जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत सीर खड्ड में बरसात के मौसम में अवैध खनन हो रहा है। खनन माफिया तीन जिलों हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर की सीमा का लाभ उठाकर खड्ड से पत्थर निकाल रहा है।
जाहू बाईपास पर बने पुल के नीचे से पत्थरों से भरे दर्जनों ट्रैक्टर खड्ड से निकाले जा रहे हैं। यहां पर जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर की मनोह-कड़ोहता उठाऊ पेयजल योजना व बिलासपुर जिला के उपमंडल भराड़ी की देहरा-मरकोटा सिंचाई योजना भी है। बढ़ते खनन के कारण इन योजनाओं को नुकसान होने का खतरा बना हुआ है।
बिलासपुर जिला की सीमा पर सीर खड्ड का चैनेलाइजेशन किया गया है, वह भी अवैध खनन से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस विभाग के कर्मचारी लोगों की शिकायत पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने आते हैं, तो ट्रैक्टर चालकों को पहले ही सूचना मिल जाती है। वह अपने ट्रैक्टरों को खाली कर भाग जाते हैं।
किसानों में बृज लाल, कश्मीरी लाल, अमर सिंह, चमन लाल, कृपा राम, देवराज, रमेश चंद आदि ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सक्खू से मांग की है कि सीर खड्ड में हो रहे अवैध खनन को बंद करवाया जाए।
बॉक्स
अवैध खनन पर होती है सख्त कार्रवाई
भोरंज थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर ने बताया कि अवैध खनन करना गैर कानूनी कार्य है। जाहू पुलिस चौकी के कर्मचारी अवैध खनन पर पूरी नजर रखे हुए हैं। पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडी जिला के हटली बल्द्वाड़ा थाना प्रभारी बृजलाल शर्मा ने बताया कि बतैल क्षेत्र में खनन की सूचना है, लेकिन बरसात के मौसम की वजह से समस्या आ रही है। अगस्त माह में पुलिस ने तीन-चार चालान काटे हैं।