अवाहदेवी मंदिर कमेटी चुनाव प्रबंधन समिति ने दी प्रतिक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। अवाहदेवी माता मंदिर कमेटी के चुनाव में उपजे विवाद के बीच चुनाव प्रबंधन समिति ने प्रतिक्रिया दी है। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बगवाड़ा पंचायत के प्रधान देशराज ठाकुर, गर्योह पंचायत के प्रधान बख्शी राम, सरौन पंचायत के प्रधान पवन कुमार, समीरपुर पंचायत के प्रधान चंद्रमोहन, दाढ़ी पंचायत के प्रधान कुशल सिंह, चोलथरा पंचायत के प्रधान व चमन ठाकुर ने एक प्रेस बयान जारी किया है। इसमें सभी सदस्यों ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन को ऐसा लगता है कि चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से नहीं हुए हैं तो वे चुनाव रद्द कर सकते हैं। उन्हें मंदिर कमेटी की ओर से चुनाव करवाने का आग्रह किया गया था। जनरल हाउस में लोगों का मत आया था कि मंदिर में राजनीति बंद होनी चाहिए। मामले में जो फैसला प्रशासन की ओर से किया जाएगा वह सर्वमान्य है। यदि चुनाव रद्द होता है और तो आगे की व्यवस्था प्रशासन स्वयं देखे। प्रशासन अपनी देखरेख में सदस्यता करवाकर अगली कमेटी बनाए। इसके लिए उन्हें किसी भी प्रकार की आपत्ति नहीं है।