शव परिजनों को सौंपा, 15 दिसंबर से घर से गायब था आसिम संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी में बीते दिन कनलोग के कब्रिस्तान शिवपुरी में खून से लथपथ हालत में मिले शव की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है।
आसिम (22) पुत्र क्वारधन निवासी रांची झारखंड का रहने वाला था। युवक के पिता 35 सालों से शहर के सीपीआरआई क्षेत्र में बने अस्थायी मकान में रहते हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। आसिम घर में ही रहता था। पुलिस ने इसमें हत्या का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक आसिम 15 दिसंबर की शाम से घर से गायब था। 17 दिसंबर की सुबह कनलोग क्षेत्र के शिवपुरी कब्रिस्तान के पास मृत हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी।
हत्या मामले से जुड़े हर पहलु की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पेयजल कंपनी के कर्मचारी प्रताप सिंह ने इसकी पुलिस को सूचना दी। प्रताप सुबह के समय पानी की आपूर्ति देते हुए कब्रिस्तान पहुंचा तो देखकर होश उड़ गए। एक व्यक्ति झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में पड़ा था। पुलिस के साथ एफएसएल की टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट लिए। साथ में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। मौके से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस दौरान शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने प्रवासी लोगों से पूछताछ की। इसके बाद सोमवार को शव की शिनाख्त हुई।