निर्धारित बस स्टॉप पर बस न रोकने पर क्षेत्रीय प्रबंधन ने सरकारी बस चालक को 500 रुपये जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना हमीरपुर से संधोल रूट के एक बस चालक को लगाया है। साथ ही, निर्धारित बस स्टॉप पर यात्रियों के हाथ देने पर बस रोकने का अल्टीमेटम दिया है।
यात्री की शिकायत पर क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर ने कार्रवाई अमल में लाई है। प्रदीप कुमार पुत्र चुनी लाल निवासी चबूतरा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बीते माह वह बड़बदार से सुजानपुर के लिए घर से निकला। बस लेने के लिए वह बड़बदार में खड़ा हो गया।
इस दौरान हमीरपुर से संधोल रूट की सरकारी बस आई। उसने बस रोकने का इशारा किया, लेकिन बस चालक ने बस मेें कुछेक सवारियां होने के बावजूद निर्धारित स्टॉप पर बस को नहीं रोका। निगम की बस के पीछे एक निजी बस आई।
निजी बस सवारियों से खचाखच भरी थी लेकिन निजी बस चालक ने बस रोकी। इसके बाद प्रदीप कुमार बस में सवार हो गया। सुजानपुर तक निजी बस निगम की बस के पीछे चलती रही लेकिन सरकारी बस चालक ने सुजानपुर तक किसी भी स्टॉप पर बस नहीं रोकी।
इसकी शिकायत उसने क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर से की। मामले की जांच के बाद आरएम ने उक्त बस चालक को 500 रुपये जुर्माना लगाया। प्रदीप कुमार का आरोप है कि 16 अप्रैल को उसने दोबारा सरकारी बस को बड़बदार में रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। प्रदीप ने आरएम हमीरपुर से दोबारा इसकी शिकायत की। साथ ही आरोप लगाया कि उक्त बस चालक का निजी बस ऑपरेटर के साथ मिलीभगत है।
आरएम प्रदीप कुमार का कहना है कि एक यात्री की शिकायत पर निगम प्रबंधन ने मामले की छानबीन कर संबंधित चालक को 500 रुपये जुर्माना लगाया। अगर दोबारा चालक बस नहीं रोक रहा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।