यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी, घुमारवीं से बस मंगवा पहुंचे गंतव्य तक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हमीरपुर से शिमला जा रही एचआरटीसी की बस सोमवार को मैड़ के पास खराब हो गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में घुमारवीं से बस मंगवाकर यात्रियों को शिमला भेजा गया। यह बस सुबह छह बजे बस अड्डा हमीरपुर से शिमला के लिए रवाना होती है लेकिन मैड़ के पास बस का मेन लिफ्ट टूट गया। एचआरटीसी की बसों की लंबे रूट पर जाने से पहले चेकिंग की जाती है जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े लेकिन अक्सर ये बसें जगह-जगह खराब हो जाती हैं।
जिस कारण यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बस में सवार यात्रियों सुमित, नवीन, युद्धवीर, कमला देवी, ज्योति आदि ने कहा कि बस खराब होने से परेशानी हुई है। हालांकि, बाद में घुमारवीं से बस मंगवाकर अपने गंतव्य तक पहुंचे लेकिन आगे जो बसें लेनी होती हैं वे छूट जाती हैं। निगम को चाहिए कि लंबे रूटों पर जाने के लिए सही बसों को भेजा जाना चाहिए। इस बारे में निगम के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने कहा कि बस खराब हुई थी लेकिन घुमारवीं से बस मंगवाकर यात्रियों को भेज दिया गया।