भोटा (हमीरपुर)। हमीरपुर से चंडीगढ़ जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के ऊना डिपो की एसी बस बुधवार सुबह हार के समीप सड़क से बाहर निकलकर नाली में गिर गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार ऊना डिपो की यह बस निर्धारित समय के अनुसार सुबह 5:20 बजे हमीरपुर बस अड्डे से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 6 बजे हार के समीप सामने से एक निजी वोल्वो बस आ रही थी।
इसी दौरान सड़क पर लावारिस पशु भी मौजूद थे। निजी बस से संभावित टक्कर और पशुओं को बचाने के प्रयास में एचआरटीसी चालक को बस सड़क के किनारे उतारनी पड़ी। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर नाली में गिर गई।
अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित रहे। दुर्घटना में निगम की बस को हल्का नुकसान पहुंचा है। इसके बाद यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और हल्का जाम लग गया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
कोट
मामला ध्यान में आया था। यात्रियों के लिए अन्य बस की सुविधा प्रदान कर दी है।
-राजकुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर