हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें आधे रास्ते में ही हांफ रही हैं। हालात यह हैं कि खटारा हो चुकी बसों को ऐसे रूट पर भेजा जा रहा है, जहां पर यह बसें चढ़ाई चढ़ नहीं पाती हैं।
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के तहत हमीरपुर से सुजानपुर वाया कक्कड़ रूट पर जा रही बस के पहिये ऊहल के पास थम गए और वह आगे चढ़ाई नहीं चढ़ सकी। इस दौरान यात्रियों को सुजानपुर की ओर से आ रही बस में गंतव्य की ओर भेजा और दूसरी बस वहीं से अन्य यात्रियों को लेकर हमीरपुर पहुंची।
प्रभात सुधार सेवा संस्था के अध्यक्ष प्रकाश चंद सेन, सतीश कुमार, राजेश कुमार, ऋषिराज, अनिरूद्ध ने बताया कि हमीरपुर से सुजानपुर से वाया कक्कड़ रूट पर सुबह 7:40 बजे निकलती है। बुधवार को यह बस ऊहल के पास खड़ी हो गई और अन्य बस में यात्रियों को भेजा गया।
लोगों का कहना है कि भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इस रूट पर अच्छी स्थिति की बसों को ही भेजा जाए, ताकि दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार का कहना है कि उनके पास शिकायत नहीं आई है। अगर ऐसा है तो इसका पता किया जाएगा तथा समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे। संवाद