लदरौर (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसें यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाने में असमर्थ साबित हो रही है। आए दिन बसें आधे रास्ते में ही हांफ रही हैं, जिसके कारण यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार शाम को सरकाघाट से हमीरपुर रूट पर सरकाघाट डिपो की बस आधे रास्ते में ही हांफ गई। उपमंडल भोरंज के भ्याड़ बाजार में पहुंचने से पहले ही सरकाघाट से हमीरपुर जा रही पथ परिवहन निगम की सरकाघाट डिपो की बस मंजिल हांफ गई।
बुधवार शाम को करीब 5:30 बजे बस अचानक खराब हो गई। इसके कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। इस सड़क पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की अन्य बस न होने के कारण यात्रियों को निजी बस का सहारा लेना पड़ा।
लोगों का कहना है कि एचआरटीसी की बसें कभी भी कहीं भी खराब हो जाती हैं। सबसे दुखद पहलू यह है कि निगम की ओर से इन बसों की समय पर मरम्मत न होने से दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि बसों की जांच समय-समय पर की जाए और संतोषजनक स्थिति में ही बसों को रूट पर भेजा जाए, ताकि यात्रियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
वहीं, इस बारे में क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर राहुल कुमार ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। दूसरे डिपो की बस होने के कारण कुछ नहीं कहा जा सकता है।