नादौन (हमीरपुर)। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में वीरवार को एचपी फ्यूचर्स के दल ने शिक्षकों को दिए गए प्रशिक्षण के प्रभाव का जायजा लिया। दल ने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर प्रशिक्षण के बाद अपनाई जा रही शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों की सहभागिता का अवलोकन किया।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने कहा कि यूनेस्को की अंतरराष्ट्रीय सलाहकार डॉ. एस्थर केयर, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक नीतू बर्तवाल, एचपी फ्यूचर्स की राज्य समन्वयक शिवानी प्रशार, संचार विभाग से प्रियंका तथा शिक्षा मित्र हमीरपुर के कुलवंत सिंह ने विद्यालय का दौरा किया।
इस दौरान गणित विषय में अनु बाला, विज्ञान में संजीव कुमार, सामाजिक विज्ञान में तारा देवी और अंग्रेजी विषय में अनीता रानी की कक्षाओं का निरीक्षण किया। दल ने शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही दक्षता आधारित और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया।
प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और कौशल को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने पर दल ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण और निरीक्षण शिक्षकों को नई एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।