भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा लंबे समय से लंबित गृहकर की वसूली के लिए जल्द रणनीति तैयार करेगी। नगर पंचायत चुनाव के बाद होने वाली पहली बैठक में बकायादार भवन मालिकों से गृहकर वसूली को लेकर चर्चा की जाएगी।
नगर पंचायत के रिकॉर्ड के अनुसार क्षेत्र के 125 भवन मालिकों पर करीब नौ लाख रुपये गृहकर बकाया है। लगातार बढ़ते बकाया से नगर पंचायत के राजस्व पर असर पड़ रहा है। गृहकर से प्राप्त आय का उपयोग सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, पेयजल सुविधा और अन्य कार्यों पर किया जाता है। बैठक में बकायादारों की सूची की समीक्षा कर वसूली अभियान को प्रभावी बनाने की योजना तैयार होगी।
आवश्यकता पड़ने पर बकायादारों को राहत या छूट देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है। नगर पंचायत में समय पर गृहकर जमा करने वाले भवन मालिकों को 10 प्रतिशत छूट देने का प्रावधान है। नगर पंचायत ने भवन मालिकों से समय पर गृहकर जमा कर छूट का लाभ उठाने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की है। संवाद