ग्राम पंचायत बफड़ी के पनाहर गांव में पिछले सप्ताह हुई तेज बारिश के कारण मकान का आंगन और डंगा गिर गया। इससे चार कमरों का कच्चा मकान भी गिरने की कगार पर है। तेज बारिश होने पर यह मकान कभी भी गिर सकता है। इस मकान का मालिक प्राग राज बीमारी के कारण पिछले चार माह से पीजीआई में उपचाराधीन हैं।
होमगार्ड में सेवारत प्राग राज को होली के मौके पर कुछ युवकों ने अधमरा कर खेतों में फेंक दिया था। उसके बाद से वह कोमा में है। उनका पीजीआई में इलाज चल रहा है। अब उनके घर का आंगन व डंगा गिरने से पूरा परिवार परेशानी के दौर से गुजर रहा है। पहले ही इलाज पर काफी खर्च हो चुका है। पीड़ित परिवार को समाजसेवी अध्यापक रविकांत सेन ने दस हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है।
रविकांत ने बताया कि उपायुक्त हमीरपुर ने भी पीड़ित परिवार को बीस हजार रुपये की राहत राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
हमीरपुर। जिला राजस्व अधिकारी राजीव ठाकुर ने बताया कि जिला में 30 और 31 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश से करीब 4 करोड़ 10 लाख 54 हजार 760 रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसमें लोक निर्माण विभाग की 10 सड़कों पर 98 लाख 14 हजार 760 रुपये तथा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की 30 जलापूर्ति स्कीमों, 2 सिंचाई स्कीमों और एक मल निकासी स्कीम को 3.12 करोड़ की क्षति पहुंची।
एक कच्चे घर को आंशिक क्षति पहुंचने से 40 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा है। पहली और दो अगस्त को प्राप्त सूचना के अनुसार बारिश से 1 करोड़ 6 लाख 13 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें लोक निर्माण विभाग की 27 सड़कों को 91.13 लाख रुपये की और सिंचाई एवं स्वास्थ्य विभाग की एक पेयजल स्कीम को 15 लाख रुपये की क्षति पहुंची है।