हमीरपुर। भोरंज की जनता को अब नए अस्पताल भवन के निर्माण से बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेेंगी। भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए 12 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। पिछले कई वर्षों से भोरंज अस्पताल की अनदेखी हो रही थी। अस्पताल में पर्याप्त कमरे न होने के कारण क्षेत्र वासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पूर्व में इस अस्पताल में महज 21 बिस्तरों का प्रावधान था जिस कारण अन्य मरीजों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर जाना पड़ता था। अब नए अस्पताल भवन में 100 बिस्तरों का प्रावधान किया गया है।
इस भवन का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिलान्यास भी कर दिया है। अस्पताल निर्माण कार्य के प्रथम चरण में 6 करोड़ 34 लाख 80 हजार 327 रुपये का खर्च किए जाएंगे, जिसमें भवन की पांच मंजिलों बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था, ग्राउंड फ्लोर में ओपीडी, पहली मंजिल में लेबर रूम, लिफ्ट व 50 बिस्तरों का प्रावधान किया जाएगा। पुराने भवन को डिस्मेंटल कर भूमि को समतल किया जाएगा। लोनिवि भोरंज के अधिशासी अभियंता अमर सिंह भाटिया ने कहा कि भवन निर्माण कार्य शुरू हो गया है और जल्द ही इसे पूरा कर दिया जाएगा ताकि, लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।