हमीरपुर। प्रदेश गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा (होमगार्ड्स) का 63वां स्थापना दिवस शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में छह दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा। गृह रक्षा की 10वीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट विनय कुमार (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर) ने बताया कि दसवीं वाहिनी के पुरुष गृह रक्षकों की एक टुकड़ी और दो महिला गृह रक्षक भी समारोह में भाग लेंगी।
कमांडेंट ने बताया कि गृह रक्षक आपात परिस्थितियों में जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा, वे कानून व्यवस्था, यातायात सुरक्षा, मंदिरों और अस्पतालों की सुरक्षा, कोषागार की सुरक्षा, रात्रि गश्त और अन्य कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। इसके अलावा, शिमला के रिज मैदान पर चार से छह दिसंबर तक विभिन्न गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें बैंड डिस्प्ले, मार्च पास्ट, आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी, अग्निशमन के ऐतिहासिक वाहनों की प्रदर्शनी और अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।