सुजानपुर(हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली मेले को समाप्त हुए 10 दिन बीत जाने के बाद भी ऐतिहासिक चौगान सुजानपुर में सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पाई है। चौगान में फैली गंदगी और पॉलीथीन के कारण पूरा क्षेत्र बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है।
दुकानें लगाने के लिए मैदान में किए गए खड्ढों को भी अब तक भरा नहीं गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार नगर परिषद और प्रशासन दोनों की ओर से न तो चौगान की सफाई करवाई गई है और न ही खड्ढों को भरा गया है। सुबह-शाम सैर के लिए आने वाले लोग अब गंदगी के कारण यहां आने से परहेज कर रहे हैं।
चौगान में चारों ओर बदबू का आलम है और आवारा पशु भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां इस मैदान में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर प्रशासन करोड़ों रुपये की आय अर्जित करता है, वहीं इसकी सफाई और रख-रखाव को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दौरान तहबाजारी से लगभग तीन करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, लेकिन इसके बावजूद चौगान की देखरेख और सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों राजीव, त्रिलोक, किरणा, सुमन और अर्चना आदि ने कहा कि चौगान में हर ओर गंदगी फैली हुई है, जिसके कारण अब लोग यहां टहलने भी नहीं आ रहे हैं।
उधर, उपमंडल अधिकारी नागरिक विकास शुक्ला ने कहा कि चौगान की सुंदरता को बहाल करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं और इसे जल्द पूर्व की तरह स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा।
ऐतिहासिक चौगान सुजानपुर में फैली गंदगी। संवाद