बाल स्कूल हमीरपुर के खेल मैदान में झमकड़ा की रिहर्सल करती महिलाएं। संवाद
हमीरपुर। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दूसरे दिन जिलेभर से 500 महिलाएं झमाकड़ा प्रस्तुत करेंगी। दो मार्च को चौगान मैदान में पूर्वाह्न 11:30 से दोपहर 2:30 बजे तक झमाकड़े की प्रस्तुति दी जाएगी। सामूहिक प्रस्तुति से पहले शुक्रवार को पंजीकृत महिलाओं ने बाल स्कूल के खेल मैदान में झमकड़ा नृत्य की रिहर्सल की।
अभ्यास सत्र का आयोजन सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक किया गया, जहां प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा के साथ तैयारी की। रिहर्सल सत्र का आयोजन डीआरडीए (जिला ग्रामीण विकास एजेंसी) के माध्यम से किया गया है। सत्र का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
प्रतिभागी महिलाओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल पारंपरिक लोकनृत्य को बढ़ावा मिलता है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और एकजुटता भी मजबूत होती है।
प्रत्येक वर्ष सुजानपुर में राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दौरान ग्रामीण महिलाओं को मंच प्रदान करने के लिए झमाकड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को भाग लेने का मौका मिल सके। झमाकड़ा में इस बार महिला मंडल, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भाग ले रही हैं।
कोट
ऐतिहासिक चौगान में 500 महिलाएं एक साथ झमाकड़ा प्रस्तुत करेंगी। प्रस्तुति से पूर्व महिलाओं के लिए बाल स्कूल के मैदान में अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इसमें निर्देशकों की देखरेख में महिलाओं ने अभ्यास किया।
-अस्मिता ठाकुर, जिला विकास अधिकारी