दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध को संवारने के लिए चल रहे 65 करोड़ रुपये के एडीबी प्रोजेक्ट की समीक्षा में पार्किंग का काम फिलहाल अटका पाया गया। परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने की समयसीमा तय है, लेकिन पार्किंग का निर्माण अभी शुरू नहीं हो पाया है।
मंदिर ट्रस्ट आयुक्त एवं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को दियोटसिद्ध में अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पर्यटन विभाग, एडीबी परियोजना से जुड़े अधिकारी, मंदिर ट्रस्ट की चेयरमैन एवं एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा और मंदिर अधिकारी राजेश कुमार मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मंदिर परिसर के गेट नंबर पांच से बनने वाले रैंप का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने को कहा गया। इसके बाद गेट नंबर पांच से आवाजाही बंद कर मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए गए, जिस पर एडीबी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने सहमति जताई।
म्यूजियम और डिस्पेंसरी का निर्माण भी दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग के लिए टीसीपी औपचारिकताएं अधूरी
परियोजना में सबसे अहम कार्यों में शामिल पार्किंग का निर्माण अभी शुरू नहीं हो सका है। इसके लिए नगर एवं ग्राम योजना विभाग (टीसीपी) से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होना बाकी हैं। इस मामले को कैबिनेट की बैठक में रखने की योजना है।
औपचारिकताएं पूरी होने में समय लगने की स्थिति में पार्किंग का निर्माण शुरू होने में भी देरी हो सकती है। 65 करोड़ रुपये की एडीबी परियोजना में करीब 28 करोड़ रुपये पार्किंग निर्माण पर खर्च किए जाने प्रस्तावित हैं।
गेट नंबर एक के पास प्रस्तावित पार्किंग के साथ प्रशासनिक ब्लॉक, मंदिर कांप्लेक्स, पुस्तकालय और अस्पताल भवन समेत परिसर के सौंदर्यीकरण और सोलर लाइट की व्यवस्था भी परियोजना में शामिल है। परियोजना का टेंडर पीके सूद फर्म को दिया गया है, जिसने ज्वाला जी मंदिर परिसर में भी एडीबी परियोजना के तहत काम किया है।
कोट
एडीबी परियोजना के कार्यों की समीक्षा की गई है। अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। गेट नंबर पांच के रैंप, म्यूजियम और डिस्पेंसरी का कार्य दिसंबर तक पूरा करने को कहा गया है। पार्किंग से संबंधित टीसीपी की औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया चल रही है।
-स्वाति डोगरा, चेयरमैन मंदिर ट्रस्ट एवं एसडीएम, बड़सर