हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में हिमकेयर पंजीकरण में लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमकेयर सुविधा के तहत पंजीकरण करवाने के लिए लोग सुबह से ही लंबी लाइनों में खड़े हैं, लेकिन घंटों बीत जाने के बावजूद उनकी फाइलें नहीं ली जा रहीं।
कुछ इस तरह के दावों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तीमारदार दावा कर रहे हैं कि वह 4 से 5 घंटे से लाइन में लगे हुए हैं, फिर भी उनकी बारी नहीं आई। वहीं, मौके पर मौजूद एक स्टाफ सदस्य पर कुछ फाइलें लाकर सीधे एंट्री करवाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। इस वजह से लाइन में लगे लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
मरीजों और तीमारदारों ने प्रशासन से मांग की है कि हिमकेयर काउंटर पर व्यवस्था सुधारी जाए, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं, एमएस डाॅक्टर देशराज का कहना कि इस विषय की जांच की जाएगी। कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है फिर भी लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।