himachali singer intertained odience
सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या सोमवार को पहाड़ी कलाकारों के नाम रही। इसमें नाटी किंग ठाकुर दास राठी की नाटियों पर लोगों ने खूब ठुमके लगाए। इसके अलावा चंबा से पहाड़ी गायक केएस प्रेमी, मंडी से नितिन कौशल, मंडी से नरेंद्र ठाकुर, कांगड़ा से अनुज शर्मा ने भी दर्शकों को पहाड़ी गानों सहित अन्य हिंदी गानों पर खूब नचाया। रविवार को धर्मशाला के मशहूर लोकगायक सुनील राणा ने गद्दी नाटियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। नाटी किंग ठाकुर दास राठी ने सुुन अम्मा, मेरे बापुआ हाऊं बेटी मेरा की कसूर.., हो बांकी चंद्रा.., प्रमिला तेरे गांव लागे मेले.., हवा लागी चंडीगढ़ा री हो.., आजा ओ साथी नाचनी नाटी.., शालू रे क्वाटरे..., नीरू चाली घूमदी..., सुषमा मेरी जानिए.., मेरी श्री देविए कोखे चाली तू..., झुमके नाचो रे मंडी पालमपुर होली लागी झुमके नाचो रे... आदि गानों पर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
वहीं नरेंद्र ठाकुर ने झुरी., ओ रीनू ओ रीनू.., बोतला फूटी.., बंगा चुटी ओ सरला.., लाई लपा हो बिमला आदि गानों पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जबकि, हास्य कलाकार राजीव मल्होत्रा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को लोट पोट कर दिया। इससे पहले तीसरे दिन कबड्डी प्रतियोगिता के मुकाबले भी हुए। वहीं, पशुपालन विभाग की ओर से डॉग शो का आयोजन किया गया। इसके विजेताओं को मोमेंटो और नकद इनाम दिए गए। साथ ही मुफ्त एंटी रैबीज वैक्सीन और गिफ्ट हैंपर भी दिए गए। पप वर्ग में सूर्यभान के श्वान, स्माल ब्रीड वर्ग में बविंदर के, पिटबुल वर्ग में मदन लाल के, जर्मन शैफर्ड वर्ग में चंद्रेश के, लैब्राडोर वर्ग में कपिल के तथा एक अन्य वर्ग में रजनीश के श्वान ने प्रथम स्थान हासिल किया। चार दिवसीय होली मेले का समापन मंगलवार को वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर करेंगे। चौथी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या पर बॉलीवुड गायक ममता शर्मा लोगों का मनोरंजन करेंगी।