न्यायिक न्यायालय परिसर हमीरपुर को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल के बाद परिसर में खड़े कोर्ट कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
न्यायिक परिसर हमीरपुर को बम से उड़ाने की ई-मेल भरी धमकी मिलने से अफरातफरी मच गई। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा कारणों से पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने सघन तलाशी ली। कोर्ट परिसर के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे धमकी अज्ञात ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई। जैसे ही यह मेल कोर्ट प्रशासन को मिली, तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाया। कोर्ट में मौजूद न्यायिक अधिकारी, वकील, कर्मचारी और आम लोग बाहर आ गए। अचानक पुलिस बल के पहुंचने से कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पहले किसी को स्थिति की स्पष्ट जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में पता चला कि कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बमरोधी दस्ता व डॉग स्क्वायड टीम ने सघन तलाशी ली। परिसर के हर कोने, कार्यालयों, कोर्ट रूम, रिकॉर्ड रूम और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई। इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों में कोर्ट परिसरों को उड़ाने की धमकी भरी अज्ञात ई-मेल मिल चुकी हैं। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कौंडल ने बताया कि जिला न्यायालय को धमकी भरी ई-मेल प्राप्त हुई थी। सभी वकीलों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।