हमीरपुर में हिमाचल की छोकरी के नाम से टी शर्ट पहने युवतियां।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को हिमाचली छोकरा क्या कहा हमीरपुर के युवाओं में यह शब्द गौरवमयी बन गया। हमीरपुर में बड़ी संख्या में युवक मैं हिमाचली छोकरा और युवतियां मैं हिमाचली छोकरी प्रिंट वाली टीशर्ट पहन रहे हैं।
बता दें कि 18 सितंबर को लोकसभा में पीएम केयर्स फंड पर चर्चा के दौरान कांग्रेसी नेता अधीर रंजन ने अनुराग ठाकुर को हिमाचली छोकरा कह कर संबोधित किया था। इस पर अनुराग ठाकुर ने उन्हें सदन के अंदर ही जवाब दे दिया था। इसके बावजूद अब हमीरपुर के युवक-युवतियों में हिमाचली छोकरा और छोकरी शब्दों का प्रचलन बढ़ गया है।
भाजपा नेता विकास शर्मा, अंकुश दत्त शर्मा, अभिषेक दत्त, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि वह सभी केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ हैं। अधीर रंजन को उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए वे तैयार हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि आज हिमाचल के बच्चे-बच्चे की जुबान पर मैं हिमाचली छोकरा शब्द है यह सब सबके लिए गौरवमयी बन गया है।