हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने गणित के शिक्षकों के 312 पदों (पोस्ट कोड 26003) को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 26 मार्च को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 493 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास कर ली है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए एचपी जीओवीइन पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 493 अभ्यर्थियों की प्रमाणपत्र सत्यापन की प्रक्रिया 14 मई सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
प्रमाणपत्र सत्यापन के समय इन अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी स्व सत्यापित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा। इसके लिए कुल 3,339 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2,792 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। वहीं, सीबीटी में 493 अभ्यर्थी पास हुए हैं।
एचपीयू के पीएचडी कोर्स वर्क परिणाम घोषित, चार विषयों में 100 फीसदी विद्यार्थी हुए पास
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने मार्च में आयोजित पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षाओं के परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार चार विषयों में छात्रों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक पीएचडी कोर्स वर्क जूलॉजी (सीबीसीएस) प्रथम सेमेस्टर, बॉटनी (सीबीसीएस), हिंदी (सीबीसीएस) प्रथम सेमेस्टर और संस्कृत (सीबीसीएस) प्रथम सेमेस्टर के परिणाम जारी किए गए हैं।