सचित्र: विकास की बात
3.45 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है निर्माण
एप्रोच रोड का कार्य अभी बरसात के कारण नहीं हो पाया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन/कांगू (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में प्रस्तावित हेलीपैड के निचले हिस्से (बेस) का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। हेलीपैड के साथ बनाए जाने वाले एप्रोच रोड का कार्य अभी बरसात के कारण शुरू नहीं हो पाया है। प्रदेश सरकार ने करीब एक वर्ष पहले नादौन के औद्योगिक क्षेत्र कोहला में एक हेलीपैड बनाने के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की और इस स्थल पर हेलीपैड बनाने का कार्य शुरू हुआ। यह हेलीपैड ब्यास नदी के किनारे और औद्योगिक क्षेत्र कोहला के नजदीक बनाया जा रहा है। इस हेलीपैड के बनने पर नादौन क्षेत्र पर्यटक की दृष्टि से विकसित होगा। हेलीपैड के एप्रोच रोड का कार्य बरसात के कारण रुका हुआ है। जैसे ही बरसात बंद होगी इस सड़क का कार्य जल्द मुकम्मल कर दिया जाएगा। इससे पहले इस क्षेत्र में अस्थायी हेलीपैड अमतर क्रिकेट स्टेडियम व गौना डाइट मैदान में स्थापित है। जहां पर वीआईपी मूवमेंट के समय अमतर सहित नादौन से सेरा धनेटा की ओर जाने वाले रास्ते को पुलिस की ओर से कुछ समय के लिए अवरुद्ध कर दिया जाता है ताकि वीआईपी मूवमेंट में किसी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न हो। अब नादौन के औद्योगिक क्षेत्र कोहला में जो हेलीपैड बनाए जाने के लिए विभाग की ओर से जगह चयनित की है वह स्थान शहर से बाहर है और हेलीपैड के लिए उचित जगह है। आपातकालीन स्थिति में भी इस हेलीपैड का उचित उपयोग होगा। नादौन में बनाए जाने वाला यह पहला हेलीपैड होगा। इसके निर्माण के लिए करीब 3.47 करोड़ की राशि खर्च की जानी है। अभी तक 1.55 करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की जा चुकी है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज कौशल ने कहा कि नादौन में हेलीपैड के लैंडिंग बेस का कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है और हेलीपैड के बेस के साथ बनाए जाने वाले एप्रोच रोड का कार्य अभी बरसात के कारण शुरू नहीं हो पाया और बरसात बंद होने पर एप्रोच रोड का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसकी लंबाई करीब साठ मीटर है। यह कार्य दो माह में पूरा कर दिया जाएगा।