हमीरपुर। जिले में बुधवार रात को तेज अंधड़ ने भारी तबाही मचाई है। जिले भर में बुधवार रात को चली तेज हवाओं के कारण सरकारी और निजी संपत्ति को एक करोड़ रुपये से अधिक नुकसान हुआ है। जगह-जगह पेड़ गिरने के कारण बिजली लाइनों, मकानों और अन्य संपत्तियों को क्षति पहुंची है। बड़सर के मिनी सचिवालय के निकट स्थित एक झुग्गी बस्ती पर पेड़ गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में एक प्रवासी श्रमिक के बच्चे अभिषेक कुमार की मौत हुई है। इस बच्चे के पिता सरवन कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं। जगह-जगह पेड़ गिरने के कारण विद्युत लाइनों और खंभों को नुकसान हुआ है। जिले भर में लगभग 1347 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (डीटीआर) एवं लाइनें प्रभावित हुई थीं। इनमें से अधिकांश 1000 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में अंधड़ के कारण कई कच्चे और पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। बड़सर में पांच पक्के, पांच कच्चे मकानों, दो झुग्गियों और तीन गोशालाओं पर पेड़ गिरने और तूफान से छतें उड़ने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड को सबसे अधिक 70 लाख और बागवानी और कृषि विभाग को 30 लाख के करीब नुकसान हुआ है।
खेतों में भीगी गेहूं, लीची और आम की फ्लावरिंग प्रभावित
जिले में इन दिनों गेहूं की फसल की कटाई का दौर चल रहा है। बारिश से खेतों में काटी गई फसल भीग गई है। किसान फसल को सुखाने के लिए वीरवार को मेहनत करते दिखे। डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि जिले में बागवानी की फसलों को 26.40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटों में हुए नुकसान का आंकड़ा 29.16 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कृषि, उद्यान और राजस्व विभाग के अधिकारियों को फील्ड में जाकर विभिन्न फसलों तथा अन्य संपत्तियों के नुकसान का आकलन करके तुरंत रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। लीची और आम की फ्लावरिंग को नुकसान पहुंचा है।
युवाओं ने रेस्क्यू किया परिवार
मैहरे में रात के समय अचानक तेज हवाएं चलने से चील का पेड़ झुग्गी पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आए बाप और बेटे को स्थानीय युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुए भारी तूफान के बीच रेस्क्यू किया। पहले पिता को झुग्गी से निकाला और बाद में आठ साल के बच्चे को निकाला। घायल पिता की पहचान सरवन कुमार के तौर पर हुई है जबकि बेटे अभिषेक की मौत हो गई। प्रवासी परिवार बिहार के दरभंगा जिला के नारायणपुर गांव का रहने वाला है।
सुजानपुर और बड़सर में सबसे अधिक बिजली संकट
जिले के सुजानपुर क्षेत्र में जयसिंहपुर और पालपुर से आने वाले 33 केवीए की लाइन क्षतिग्रस्त होने से भारी नुकसान हुआ है। यहां पर 70 के करीब ट्रांसफार्मर में बिजली की सप्लाई बहाल नहीं हो सकी है। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर चार और पांच में अंधड़ के कारण घर की छतों पर पेड़ गिरने काफी नुकसान हुआ है। ताल के अंतर्गत प्राथमिक स्कूल भरठयाण के पास पेड़ गिरने से थ्री फेस लाइन बाधित हुई। वहीं सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात दो घंटे तक अवरुद्ध रहा। बड़सर सुजानपुर और नादौन में हजारों की आबादी की बिजली की सप्लाई वीरवार देर शाम तक बहाल नहीं हुई।
घड़ोह में टूटे लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे
ग्राम पंचायत धनेटा और अन्य क्षेत्रों में गत रात्रि लगभग नौ बजे अचानक आए अंधड़ और बारिश से कई मकानों को नुकसान हुआ। झल्लान के अंतर्गत गांव घड़ोह के ओम प्रकाश शर्मा एवं राजेश कुमार ने कहा कि तेज तूफान के कारण उनके घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। वहीं अन्य निवासी विजय ने कहा कि भाई के मकान की छत अंधड़ से उड़ गई।
चौगान में मची अफरा तफरी, उड़ने लगी टिन की चादरें
सुजानपुर के चौगान में बुधवार रात को आए तेज अंधड़ से अफरा तफरी मच गई। खाना खाने के बाद लोग घूमने के लिए चौगान में निकले थे। तूफान के कारण मैदान के भीतर ही फंस गए। मेलों के दौरान बांस के डंडे, टिन की चादरें इत्यादि मैदान के भीतरी रखी थी जो कि तेज तूफान के चलते हवा में उड़ने लगीं। इस दौरान लोग भी मैदान में घूम रहे थे। लोग मशक्कत के बाद चौगान से बाहर निकल सके।
1000 के करीब ट्रांसफार्मर से बिजली बहाल कर दी गई है। बचे हुए ट्रांसफार्मर में बिजली को बहाल करने का कार्य जारी है। 70 लाख के करीब नुकसान सुजानपुर, बड़सर, हमीरपुर, नादौन और भोरंज क्षेत्र में हुआ है। बचे हुए क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
-आशीष कपूर, अधीक्षण अभियंता, बिजली बोर्ड वृत्त हमीरपुर
रात को अंधड़ की वजह से बिजली की सप्लाई बाधित होने से अधिकतर पेजयल योजनाओं से क्षमता के अनुसार पानी लिफ्ट नहीं हो सका है। हालांकि वीरवार सुबह सप्लाई बहाल होने से योजनाएं दोबारा संचालित की गई हैं। कुछ हद तक सप्लाई प्रभावित हुई है लेकिन शुक्रवार से सामान्य हो जाएगी।
-नीरज भोगल, अधीक्षण अभियंता, जलशक्ति विभाग वृत्त हमीरपुर
एक झुग्गी पर पेड़ गिरने से बच्चे की मौत हुई है। इस बच्चे का पिता भी घटना में घायल हुआ है। कच्चे और पक्के घरों को नुकसान पहुंचा है। बिजली बोर्ड को अधिक नुकसान हुआ है। कर्मी बिजली की सप्लाई को बहाल करने में जुटे हैं।
-अमरजीत सिंह डीसी हमीरपुर
सठवीं पंचायत में बारिश के कारण भीगी हुई गेहूं की फसल को खड़ा करके सुखाते किसान। संवाद
सठवीं पंचायत में बारिश के कारण भीगी हुई गेहूं की फसल को खड़ा करके सुखाते किसान। संवाद