मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू मैड़ में जन समस्याएं सुनने के बाद ग्रामीणों
भोटा(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को सेर बलौणी और मैड़ गांव का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू हमेशा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य के साथ कार्य करते हैं और इसके लिए उन्होंने कई सराहनीय योजनाएं आरंभ की हैं। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य भी आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने मैड़ में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मौके पर ही जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि मैड़ में मोक्षधाम के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान करवाया जाएगा और क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं के निवारण के लिए भी त्वरित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेर बलौणी क्षेत्र के लोगों ने मुख्यतः सामुदायिक भवन और युवक मंडल भवन के निर्माण की मांग रखी है। इसके संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी। आने वाले समय में भी मुख्यमंत्री हमीरपुर के चहुंमुखी विकास के लिए एक व्यापक रोडमैप को चरणबद्ध ढंग से क्रियान्वित करेंगे।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव गोपालकृष्ण बॉबी, कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष मित्रभूषण शर्मा, व्यापार मंडल मैड़ के अध्यक्ष रमेश चड्ढा सहित अन्य उपस्थित रहे।