डॉॅ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में मरीजों की कम नहीं हो रहीं मुश्किलें
मेडिसिन ओपीडी के बाहर ही लगाया है टेबल
खुले में ही की जा रही बीपी और शुगर की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मेडिसिन ओपीडी के बाहर खुले में ही निरोग क्लीनिक चलाया जा रहा है। इस निरोग क्लीनिक में बीपी, शुगर के मरीजों की जांच की जाती है लेकिन यहां पर कोई केबिन नहीं बनाया गया है। खुले में ही मरीजों की जांच की जाती है। इससे जिन मरीजों की जांच की जानी है और जो कतार में लगे होते हैं उन्हें भी परेशानी होती है। यहां पर क्लीनिक में जांच करवाने वाले मरीज भी खड़े होते हैं। मेडिसिन ओपीडी में अस्पताल में सबसे अधिक मरीज आते हैं। ऐसे में सरकार के आदेशानुसार हर बीपी, शुगर के मरीज की जांच इस क्लीनिक में की जाती है लेकिन क्लीनिक के लिए कोई केबिन तक नहीं बनाया गया है। मरीज भी खुले में जांच करवाने में असहज महसूस करते हैं। मरीजों लक्ष्मी, सलोचना, कंचन, विवेेक, कृष्ण चंद, निवेदिता आदि ने कहा कि यहां पर केबिन का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि जांच करवाते समय असहजता महसूस न हो। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि निरोग क्लीनिक मेडिसिन ओपीडी के बाहर ही चलाने के आदेश हैं। यहां पर जगह की कमी है। जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा ताकि मरीजों को यहां पर दिक्कतें पेश न आएं।