कोलकाता में महिला चिकित्सक की हत्या के विरोध में हड़ताल
किसी भी ओपीडी में पूरा दिन नहीं मिलेंगे चिकित्सक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। कोलकाता में महिला चिकित्सक की निर्मम हत्या के विरोध में शनिवार को जिला में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप रहेंगी। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर, जिला के अन्य पीएचसी, सीएचसी में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। महज आपातकाल में ऐसे मरीजों को देखा जाएगा जो बहुत ही गंभीर होंगे। पूरा दिन चिकित्सकों की पेनडाउन स्ट्राइक रहेगी। देशभर में कोलकाता में हुई महिला चिकित्सक की निर्मम हत्या के विरोध में चिकित्सक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका असर हर कोने में दिख रहा है। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के रेजिडेंटल डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रजीत, फैकल्टी डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुभाष, प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ हमीरपुर के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र डोगरा ने कहा कि महिला चिकित्सक की निर्मम हत्या के विरोध में यह पेनडाउन स्ट्राइक होगी। चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए सरकारों को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि रात्रि सेवाएं देने वाली महिला चिकित्सकों को इस तरह की वारदातों का सामना न करना पड़े। इसी के विरोध में पूरा दिन ओपीडी में सेवाएं बंद रहेंगी।